बहराइच (विशेश्वरगंज )। बहराइच जिले के विशेश्वरगंज शहर के पुरैना मोड़ स्थित सुमन पाली क्लिनिक को मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) की टीम ने गुरुवार को सील कर दिया। कार्रवाई गर्भवती महिला की कथित गलत इलाज के बाद हुई मौत के मामले में की गई। अस्पताल प्रबंधन निर्धारित समय में आवश्यक अभिलेख और दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए क्लिनिक का संचालन बंद करा दिया।जानकारी के अनुसार, विशेश्वरगंज क्षेत्र के बंजरिया निवासी सतीश यादव ने आरोप लगाया था कि उनकी गर्भवती पत्नी गुड़िया देवी की पुरैना मोड़ स्थित सुमन पाली क्लिनिक में इलाज के दौरान मौत हो गई। शिकायत में गलत इलाज का आरोप लगाया गया था। साथ ही यह भी कहा गया कि गर्भवती और नवजात की मौत के बावजूद उन्हें उचित व्यवस्था के बजाय अन्यत्र रेफर कर दिया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने जांच के निर्देश दिए थे।read more:https://pahaltoday.com/jan-adhikar-party-demands-caste-census-and-other-measures/इसके बाद अधीक्षक डॉ. कुणाल मिश्रा को टीम के साथ मौके पर भेजा गया। जांच के दौरान अस्पताल प्रबंधन से संबंधित चिकित्सकों के अभिलेख और अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी अस्पताल प्रबंधन उन्हें उपलब्ध नहीं करा सका।गुरुवार शाम सीएमओ स्वयं टीम के साथ क्लिनिक पहुंचे। निरीक्षण के दौरान न तो संबंधित चिकित्सक मौके पर मिले और न ही आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत किए गए। इस पर सीएमओ ने तत्काल प्रभाव से क्लिनिक को सील करने के निर्देश दिए।सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया कि जब तक अस्पताल प्रबंधन सभी आवश्यक दस्तावेज और अभिलेख उपलब्ध नहीं कराता तथा जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक क्लिनिक का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई के बाद जिले के निजी अस्पताल और क्लिनिक संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी निजी अस्पतालों को निर्धारित मानकों का पालन करने और आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए हैं।