पयागपुर में आँधी-पानी से जनजीवन बेहाल, शादी की तैयारियों पर फिरा पानी, कई वार्ड जलमग्न

बहराइच ( पयागपुर तहसील )l पयागपुर तहसील क्षेत्र में सोमवार सुबह अचानक बदले मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। तेज आँधी के साथ हुई बारिश ने जहां एक ओर गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। खासतौर पर उन परिवारों की परेशानियां बढ़ गईं, जिनके यहां 5 मई को शादी समारोह आयोजित होने वाले थे। कई घरों में टेंट, सजावट, खानपान और अन्य तैयारियां चल रही थीं, लेकिन बारिश ने इन सभी व्यवस्थाओं को अस्त-व्यस्त कर दिया।नई बस्ती मोहल्ला, वार्ड नंबर 1, 2 और वार्ड नंबर 12 समेत कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई। गलियों और सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। कई स्थानों पर नालियां जाम होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहा, जिससे स्थिति और भी बदतर हो गई।स्थानीय लोगों के अनुसार, नई बस्ती में हर बार बारिश में यही हालात बन जाते हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण थोड़ी सी बारिश भी बड़ी समस्या का रूप ले लेती है।read more:https://pahaltoday.com/the-struggle-will-continue-until-nisha-gets-justice-shravan-raj/तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि मोहल्लों की गलियां तालाब जैसी नजर आ रही हैं। लोग घरों के बाहर बैठकर हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं, वहीं छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। कई घरों के अंदर तक पानी घुसने की भी खबर है, जिससे घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है।विवाह समारोहों की तैयारियों में जुटे परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक और मानसिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों को अब वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है, जिससे खर्च बढ़ गया है।स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। साथ ही नालियों की नियमित सफाई और जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *