50 लाख की चोरी की फॉर्च्यूनर बरामद, दिल्ली से मणिपुर तक फैला वाहन चोर गिरोह बेनकाब, एक गिरफ्तार

आज़मगढ़।  आजमगढ़   पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 50 लाख रुपये कीमत की चोरी की लग्जरी फॉर्च्यूनर एसयूवी बरामद की है। तहबरपुर थाना पुलिस ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर चेकिंग के दौरान मणिपुर निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली से चोरी की गई लग्जरी गाड़ियों को फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मणिपुर पहुंचाने का काम करता था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस अब पूरे गिरोह की तलाश में जुट गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार तड़के तहबरपुर थाना पुलिस मोहर्रम के मद्देनजर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सरदहा अंडरपास के पास एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 226.3 पर रेस्ट लेन में एक संदिग्ध फॉर्च्यूनर खड़ी दिखाई दी।पुलिस टीम जैसे ही वाहन के पास पहुंची, चालक मौके से भागने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान मणिपुर के इम्फाल ईस्ट निवासी 37 वर्षीय तोइजम नटराज सिंह के रूप में बताई।वाहन की जांच में पुलिस को बड़ा खुलासा मिला। जिस नंबर प्लेट के साथ गाड़ी चल रही थी, वह फर्जी निकली। जांच के दौरान वाहन का वास्तविक नंबर दिल्ली का पाया गया और पुष्टि हुई कि फॉर्च्यूनर दिल्ली से चोरी की गई थी।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि दिल्ली निवासी अमित नामक व्यक्ति लग्जरी वाहनों की चोरी कर उसे उपलब्ध कराता था। इसके बाद वह चोरी की गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मणिपुर के उखरूल जिले में रहने वाले सिमरे नामक व्यक्ति तक पहुंचाता था, जहां वाहनों को आगे बेच दिया जाता था। आरोपी ने बताया कि प्रत्येक गाड़ी की डिलीवरी के बदले उसे 30 हजार रुपये मिलते थे। उसने यह भी कबूल किया कि इससे पहले वह दो चोरी की गाड़ियां दिल्ली से मणिपुर पहुंचा चुका है।आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह 25 जून को दिल्ली से चोरी की गई फॉर्च्यूनर लेकर मणिपुर जा रहा था। रास्ते में नींद आने पर उसने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वाहन खड़ा कर आराम करना शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिस की चेकिंग टीम वहां पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया।read more:https://pahaltoday.com/co-gave-instructions-for-action-against-anarchists-and-drug-addicts/पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 50 लाख रुपये कीमत की चोरी की फॉर्च्यूनर, वाहन के मूल दस्तावेज, दो मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ तहबरपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस का कहना है कि इस मामले में सामने आए अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही पूरे अंतर्राज्यीय वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश किए जाने की संभावना है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आदित्य कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रवीन्द्र प्रताप यादव, उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी, कांस्टेबल ताहिर अली, कांस्टेबल सत्यम सिंह तथा रिक्रूट कांस्टेबल आनंद राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *