सहारनपुर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने बुधवार को पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों की निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। एसएसपी अभिनंदन सिंह ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात तथा जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। बैठक में कांवड़ मार्गों पर प्रभावी पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा निरंतर निगरानी रखने पर विशेष बल दिया गया। एसएसपी ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी चूक स्वीकार नहीं की जाएगी।read more:https://khabarentertainment.in/cunning-man-arrested-for-pressuring-woman-into-marriage-through-blackmail/यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अधिकारियों को पूर्व निर्धारित डायवर्जन प्लान का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आमजन और कांवड़ यात्रियों दोनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को भी प्राथमिकता दी गई। एसएसपी ने कहा कि अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और भ्रामक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही पुलिस की ओर से सही और प्रमाणिक जानकारी समय-समय पर आमजन तक पहुंचाई जाए। एसएसपी अभिनंदन सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए और जनसहयोग आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील, विनम्र और सहयोगात्मक होना चाहिए। बैठक के अंत में उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों से पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद पुलिस पूरी तैयारी और समन्वय के साथ कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।