गाजीपुर। समाजवादी पार्टी ने पेपर लीक प्रकरण, जंतर-मंतर पर धरनारत छात्रों के समर्थन तथा सांसद डिंपल यादव पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।read more:https://worldtrustednews.in/yogi-government-working-to-make-youth-skilled-in-line-with-industry-demand/धरना-प्रदर्शन में शामिल समाजवादी पार्टी के जखनिया विधानसभा अध्यक्ष अवधेश यादव ‘राजू’ ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के बाद रात करीब 12:30 बजे उत्तर प्रदेश पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए कहा कि सरकार विरोध की आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है।अवधेश यादव ने कहा कि “हाउस अरेस्ट से समाजवादी विचारधारा कैद नहीं होती, पुलिस के पहरे से संघर्ष की आवाज़ बंद नहीं होती और डराने-धमकाने से समाजवादी कार्यकर्ता झुकने वाला नहीं है।” उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी सरकार जनता के सवालों का जवाब देने में असफल होती है, तब वह विपक्ष की आवाज़ दबाने का प्रयास करती है।सपा नेताओं ने कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों में दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए तथा छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनहित के मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखाई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और उसे बलपूर्वक दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह छात्रों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।