शेरकोट । सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और निर्विघ्न ढंग से संपन्न कराने के लिए बिजली विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा मार्ग पर विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को समाप्त करने के उद्देश्य से विभाग द्वारा विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। रविवार को विभागीय टीम ने कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले ट्रांसफार्मरों की लकड़ी के डंडों से गार्डिंग (फेंसिंग) कराई, जबकि सभी बिजली के खंभों को इंसुलेटिंग सुरक्षा कवर से ढक दिया गया।विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) मोईनुद्दीन ने बताया कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए हरेवली तिराहा, रामसहायवाला चौराहा, चुंगी नंबर-पांच, दून ढाबा सहित कुल पांच स्थानों पर स्थापित ट्रांसफार्मरों के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाया गया है। इससे श्रद्धालुओं का ट्रांसफार्मरों के संपर्क में आने का खतरा नहीं रहेगा। इसके अलावा पूरे कांवड़ मार्ग पर स्थित बिजली के खंभों पर विशेष इंसुलेटिंग कवर लगाए गए हैं, जिससे किसी भी प्रकार की विद्युत रिसाव या करंट फैलने की स्थिति से बचाव किया जा सके।read more:https://khabarentertainment.in/cunning-man-arrested-for-pressuring-woman-into-marriage-through-blackmail/उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान बिजली आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। विभाग की टीमें 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेंगी और किसी भी तकनीकी खराबी या विद्युत संबंधी समस्या की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर उसका समाधान करेंगी। इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है।बिजली विभाग का कहना है कि इन सुरक्षा व्यवस्थाओं का मुख्य उद्देश्य कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखना तथा यात्रा के दौरान किसी भी संभावित विद्युत दुर्घटना को रोकना है। विभाग ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे सुरक्षा घेरों के भीतर प्रवेश न करें तथा बिजली संबंधी किसी भी समस्या की सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।