लोधेश्वर महादेव धाम की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे एसपी

बाराबंकी। रामनगर स्थित प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम में श्रावण मेले की तैयारियों का बुधवार को पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने स्थलीय निरीक्षण किया। दोपहर करीब तीन बजे मंदिर परिसर पहुंचे एसपी ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारी रामनगर अरुण प्रताप सिंह को निर्देश दिए कि बैरिकेडिंग में पर्याप्त संख्या में इमरजेंसी गेट चिन्हित कर तैयार रखे जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। साथ ही बैरिकेडिंग के पास ब्लू कटर और अन्य आपदा प्रबंधन उपकरण उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए। एसपी ने शिव पुराण सरोवर का निरीक्षण कर पानी की गहराई और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।read more:https://khabarentertainment.in/cattle-found-below-standards-and-shortage-of-fodder-observed-during-sdms-surprise-inspection/उन्होंने सरोवर में सुरक्षा के लिए चार मोटरबोट तैनात करने और स्थायी सुरक्षा जाल लगाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने मेले में तैनात होने वाले पुलिस बल की तैनाती और उनके ठहरने की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि मेला परिसर में लगने वाली दुकानों के बीच पर्याप्त चौड़ा मार्ग रखा जाए, जिससे श्रद्धालुओं और आपातकालीन वाहनों के आवागमन में कोई परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान सभी अस्थायी विद्युत कनेक्शनों की सुरक्षा जांच कराने और पूरे मेला परिसर में बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को भरोसा दिलाया कि श्रावण मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्थाओं के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी। इस दौरान उपजिलाधिकारी रामनगर आकांक्षा गुप्ता, क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगत राम कनौजिया समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *