सोपोर छात्र प्रदर्शन मामला: रातभर छापेमारी के बाद 5 और उपद्रवी गिरफ्तार

जम्मू।सोपोर के सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में हाल ही में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़काने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ पुलिस का कड़ा शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने रातभर चले एक व्यापक छापेमारी अभियान के दौरान पांच और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारियों के साथ ही पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शांति भंग करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ये गिरफ्तार व्यक्ति शांतिपूर्ण तरीके से चल रहे छात्र प्रदर्शन का हिस्सा नहीं थे, बल्कि बाहरी तत्व थे जिन्होंने भीड़ में शामिल होकर माहौल बिगाड़ने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश की थी। प्रदर्शन के दौरान हुई तोड़फोड़ में स्कूल की सरकारी संपत्ति को भी काफी नुकसान पहुंचा था। जांच के दौरान पुलिस ने अब तक 13 अन्य संदिग्धों की पहचान कर ली है, जिनकी तलाश में विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। सोपोर पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि संवेदनशील स्थितियों का फायदा उठाकर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही, नागरिकों द्वारा अब तक दिए गए सहयोग की सराहना करते हुए पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जिले में सुरक्षा और सामान्य स्थिति बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। जब तक सभी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक पुलिस का यह तलाशी और छापेमारी अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *