बहराइच ( पयागपुर )lपयागपुर में आयोजित श्रीराम कथा एवं गायत्री महायज्ञ के दौरान आध्यात्मिक वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष बालेंद्र श्रीवास्तव उर्फ़ बिपिन ने अपने उद्बोधन में यज्ञ और सत्संग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं।उन्होंने कहा कि यज्ञ से जहां वातावरण शुद्ध होता है, वहीं सत्संग से मनुष्य के विचारों में सकारात्मक परिवर्तन आता है। आज के समय में जब समाज अनेक विकृतियों और तनावों से गुजर रहा है, ऐसे में इस प्रकार के आयोजन लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाते हैं।कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन और संगीत की मधुर प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। मंच को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और श्रद्धालु बड़ी संख्या में कथा श्रवण के लिए उपस्थित रहे।शांति कुंज के प्रवक्ता अयोध्या प्रसाद ने अपने प्रवचन में श्रीराम के आदर्शों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में मर्यादा, सत्य और सेवा को स्थान दे, तो समाज स्वतः ही सशक्त और समृद्ध बन जाएगा।इस अवसर पर आयोजन समिति के ज्ञान प्रकाश शुक्ला मालिक राम शर्मा वशिष्ठ त्रिपाठी श्याम बिहारी अग्रवाल एवं क्षेत्र के तमाम लोग मौजूद रहे और सभी ने मिलकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।