सहारनपुर। शहर में संचालित प्रभु जी की रसोई में गुरुवार को सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार का प्रेरणादायी आयोजन हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के विभाग प्रचारक कुलदीप जी एवं सहारनपुर के महापौर डॉ. अजय सिंह दोपहर करीब एक बजे प्रभु जी की रसोई पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद दोनों अतिथियों ने जरूरतमंद एवं असहाय लोगों को अपने हाथों से भोजन परोसकर सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रभु जी की रसोई के सचिव शीतल टंडन ने सर्वप्रथम महापौर डॉ. अजय सिंह का अंगवस्त्र ओढ़ाकर, श्रीराम दरबार का चित्र, एक पुस्तक एवं स्मृति स्वरूप पेन भेंट कर सम्मान किया। इसके उपरांत महापौर डॉ. अजय सिंह के करकमलों से आरएसएस के विभाग प्रचारक कुलदीप जी को अंगवस्त्र ओढ़ाकर, श्रीराम दरबार का चित्र, पुस्तक एवं पेन भेंट कर सम्मानित कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान शीतल टंडन तथा संजय कर्नल मिड्ढा ने पटका पहनाकर किया। सम्मान समारोह के बाद महापौर डॉ. अजय सिंह एवं विभाग प्रचारक कुलदीप जी प्रभु जी की रसोई में पहुंचे, जहां उन्होंने जरूरतमंदों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनका कुशलक्षेम जाना। दोनों अतिथियों ने रसोई की सेवा व्यवस्था का अवलोकन करते हुए स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर आरएसएस के विभाग प्रचारक कुलदीप जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा को ईश्वर की उपासना के समान माना गया है। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहयोग पहुंचाना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रभु जी की रसोई जैसे सेवा प्रकल्प सामाजिक समरसता, संवेदनशीलता और मानवता की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं तथा युवाओं को भी समाज सेवा के लिए प्रेरित कर रहे हैं। महापौर डॉ. अजय सिंह ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। प्रभु जी की रसोई निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा कर रही है, जो अत्यंत सराहनीय है।read more:https://khabarentertainment.in/ghosiya-nagar-panchayats-entire-system-collapsed-during-just-five-minutes-of-rain/उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ मानवता की भावना को भी मजबूत करते हैं। नगर निगम जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों में हरसंभव सहयोग देता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में प्रभु जी की रसोई के सचिव शीतल टंडन ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य किसी भी जरूरतमंद को भूखा नहीं रहने देना है। समाज के सहयोग से यह सेवा अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है और भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ चलता रहेगा। संजय कर्नल मिड्ढा ने कहा कि सेवा, सहयोग और संस्कार भारतीय संस्कृति की पहचान हैं। प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। प्रभु जी की रसोई इसी भावना के साथ निरंतर मानव सेवा का कार्य कर रही है। इस अवसर पर संघ के महानगर संघचालक अशोक बंसल, विभाग कार्यवाह अरविंद, महानगर विद्यार्थी प्रचारक आयुष, नगर प्रचारक सत्यम विभाग कार्यवाह अरविंद, सह नगर कार्यवाह विपिन सलूजा, सिद्धार्थ जैन, रमेश डाबर, सुदेश डाबर, मुरली खन्ना सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रभु जी की रसोई द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी अभियान बताया।