बीजपुर, सोनभद्र। एनटीपीसी रिहंद आवासीय परिसर में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल निजी सुरक्षा गार्ड की उपचार के दौरान वाराणसी के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद एनटीपीसी परिसर और सुरक्षा कर्मियों में शोक का माहौल है।read more:https://khabarentertainment.in/asp-shubham-agarwal-reviewed-the-beat-police-personnel-at-the-police-office/जानकारी के अनुसार एनटीपीसी रिहंद आवासीय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात निजी सुरक्षा गार्ड विष्णु देव राम शुक्रवार को कांट्रेक्टर कॉलोनी गेट पर ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान एनटीपीसी के एक अधिकारी को लेकर जा रही कार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार में सवार अधिकारी और चालक राहुल सोनी घायल सुरक्षाकर्मी को तत्काल रिहंद चिकित्सालय ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बैढ़न ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया, जहां रविवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सुरक्षा गार्ड प्रभारी योगेंद्र पांडेय ने बताया कि घायल को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए और समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। सुरक्षाकर्मी विष्णु देव राम के निधन की सूचना मिलते ही एनटीपीसी रिहंद परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों और कर्मचारियों ने दिवंगत सुरक्षाकर्मी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।