नवाबगंज, उन्नाव। बसहा और जलेसर झील क्षेत्र में बढ़े जलस्तर से आसपास के गांवों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है। हरचंदपुर सहित आसपास के गांवों में पानी पहुंचने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। नायब तहसीलदार समेत राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।अधिकारियों ने झील के आसपास पानी की स्थिति और जलनिकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। ग्रामीणों से भी जलभराव की स्थिति की जानकारी ली गई। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/जलभराव की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित एवं संभावित प्रभावित गांवों में मेडिकल टीम भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और जलभराव के बाद संभावित मौसमी बीमारियों की रोकथाम की जा सके। बताया गया है कि बसहा और जलेसर झील के बीच बने कच्चे बांध से जुड़ी समस्या के कारण हरचंदपुर गांव में पहले भी पानी भर चुका है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो आसपास के कई गांव प्रभावित हो सकते हैं।प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव की कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिया है। वहीं सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी झील क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।