नोएडा की बिजली व्यवस्था पर सवाल, वर्टिकल सिस्टम से उपभोक्ता परेशान

नोएडा । हाइटेक सिटी नोएडा में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। जर्जर इंफ्रास्ट्रक्चर, वोल्टेज में उतार-चढ़ाव, ट्रिपिंग और फॉल्ट के बाद मरम्मत में देरी के साथ अब नई वर्टिकल व्यवस्था को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। आरडब्ल्यूए सेक्टर-105 के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की है। दिव्य कृष्णात्रेय का कहना है कि नोएडा जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक शहर में बिजली का ढांचा आधुनिक तकनीक के अनुरूप होना चाहिए। आए दिन बिजली की ट्रिपिंग और वोल्टेज की समस्या के साथ केबल खराब होने पर उसे बदलने में लगने वाला समय उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नई वर्टिकल व्यवस्था के बाद बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए उपभोक्ताओं को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।read more :https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/बिजली बिल से जुड़ी शिकायतों के लिए सेक्टर-18, मीटर संबंधी समस्याओं के लिए सेक्टर-18 स्थित कार्यालय और नए कनेक्शन से जुड़े मामलों के लिए सेक्टर-16 जाना पड़ता है। इससे विशेषकर बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि नोएडा में बड़ी संख्या में विद्युत उपकेंद्र होने के बावजूद सीमित अधिकारियों और संसाधनों के कारण तकनीकी खराबी आने पर मरम्मत में देरी होती है। पहले स्थानीय स्तर पर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नजदीकी विद्युत केंद्रों पर हो जाता था, लेकिन केंद्रीकृत व्यवस्था से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हैं। दिव्य कृष्णात्रेय ने नए कनेक्शन पर लगाए जा रहे ‘अफोर्डेबल चार्ज’ को भी अनुचित बताते हुए इसे समाप्त करने की मांग की। उन्होंने शासन-प्रशासन से बिजली बिल, मीटर और नए कनेक्शन से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था दोबारा स्थानीय विद्युत केंद्रों पर करने तथा पुराने इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक तकनीक से अपग्रेड करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ‘हर घर बिजली’ का लक्ष्य तभी सार्थक होगा, जब उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति के साथ सुविधाजनक और जवाबदेह सेवा भी मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *