गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में गाजीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अमित राय और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अमित राय पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, छिनैती, गैंगस्टर समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में करीब 26 मुकदमे दर्ज हैं।read more:https://pahaltoday.com/the-essence-of-prasad-is-to-receive-the-blessings-of-the-deity-to-whom-it-is-offered/
पुलिस के मुताबिक 2 जुलाई को शहर कोतवाली क्षेत्र की अष्टभुजी कॉलोनी में रहने वाले प्रवीण कुमार उपाध्याय के घर पर बाइक सवार दो युवकों ने पहुंचकर गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई थी।शुक्रवार को चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली पुलिस ने सुखदेवपुर तिराहे से जोगामुसाहिब, थाना करीमुद्दीनपुर निवासी 36 वर्षीय अमित राय और 21 वर्षीय आयुष राय को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक अवैध .32 बोर पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट में भी कार्रवाई की गई है।पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अमित राय का वादी प्रवीण कुमार उपाध्याय के परिवार से पुराना आपराधिक विवाद रहा है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2016 में प्रवीण कुमार उपाध्याय के पिता की गोली मारकर हत्या के मामले में भी अमित राय आरोपी है और उस मुकदमे की सुनवाई चल रही है। इसी रंजिश के चलते हालिया फायरिंग की घटना को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है।पुलिस का कहना है कि अमित राय शातिर हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ गाजीपुर के अलावा अन्य जनपदों तथा बिहार में भी हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर सहित कई संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।इस गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में शहर कोतवाली पुलिस टीम ने की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।