देशभर की पुलिस दिखेगी एक समान खाकी वर्दी में 

नई दिल्ली। देशभर में पुलिस की वर्दी को एक समान स्वरूप देने की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। सूत्रों के अनुसार, वन नेशन, वन यूनिफॉर्म की अवधारणा के तहत सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की पुलिस के लिए एक ही रंग और डिजाइन की खाकी वर्दी तय  करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके तहत खाकी के विभिन्न शेड की जगह एक मानक रंग और पैटर्न निर्धारित किया जाएगा, जिससे पूरे देश में पुलिसकर्मियों की वर्दी एक जैसी दिखाई दे।read more:https://khabarentertainment.in/cunning-man-arrested-for-pressuring-woman-into-marriage-through-blackmail/   जानकारी के मुताबिक, इस प्रस्ताव के लागू होने के बाद सफेद, नीले या अन्य रंगों की पुलिस वर्दी का प्रचलन समाप्त हो जाएगा।  मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश सहित सभी राज्यों में पुलिस की पहचान एक समान खाकी वर्दी से होगी। इसका उद्देश्य पुलिस की एकरूप पहचान स्थापित करना और वर्दी के मानकीकरण को बढ़ावा देना है। यहां बताते चलें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 अक्टूबर 2022 को एक देश, एक वर्दी की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा था, कि इसे राज्यों पर थोपने के बजाय व्यापक विचार-विमर्श के जरिए लागू किया जाना चाहिए। इसके बाद गृह मंत्रालय ने विभिन्न राज्यों से उनकी पुलिस वर्दी से संबंधित जानकारी और सुझाव मांगे थे।   गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (बीपीआरएंडडी) ने इस विषय पर विस्तृत अध्ययन किया।  विभिन्न राज्यों में प्रचलित सफेद, नीले, काले और अन्य रंगों की वर्दियों का परीक्षण करने के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि पुलिस की पहचान सबसे अधिक खाकी रंग से जुड़ी हुई है। साथ ही यह भी माना गया कि अन्य रंग पहले से विभिन्न सुरक्षा बलों और एजेंसियों द्वारा उपयोग किए जा रहे हैं, इसलिए भ्रम की स्थिति से बचने के लिए एक समान खाकी वर्दी अधिक उपयुक्त होगी। सूत्रों के अनुसार, अब खाकी का एक मानक शेड और डिजाइन तय किया जा रहा है, जिसे देशभर के पुलिस बलों में लागू किया जाएगा। हालांकि इस संबंध में केंद्र सरकार या गृह मंत्रालय की ओर से अभी तक कोई औपचारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *