जमानियां (गाजीपुर)। सावन माह में गंगा जल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने जाने वाले कांवड़ियों और ग्रामीणों के लिए विकासखंड क्षेत्र के ग्राम सैदाबाद का संपर्क मार्ग बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। जर्जर सड़क, बड़े-बड़े गड्ढों और जलभराव के चलते गंगा नदी तक पहुंचना जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण वर्षों से मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे श्रद्धालुओं के साथ आम राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।बारिश के बाद सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में पैदल चलने वाले कांवड़ियों के फिसलकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है, वहीं दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी यह मार्ग हादसों को न्योता दे रहा है।readmore:https://khabarentertainment.in/cunning-man-arrested-for-pressuring-woman-into-marriage-through-blackmail/
सावन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा नदी से जल भरकर मंदिरों में जलाभिषेक करने जाते हैं, लेकिन बदहाल सड़क उनकी आस्था की राह में सबसे बड़ी बाधा बन गई है।पूर्व ग्राम प्रधान अशोक कुमार राय, विवेक तिवारी, अभिषेक कुमार तिवारी सहित ग्रामीणों ने बताया कि पक्के और सुरक्षित मार्ग के अभाव में रोजमर्रा का आवागमन भी कठिन हो गया है। उनका कहना है कि सड़क की बदहाली संबंधित विभाग की उदासीनता को उजागर करती है। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक मरम्मत नहीं कराई गई।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सावन माह में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए सैदाबाद से गंगा घाट तक जाने वाले मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि कांवड़ियों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। सड़क की वर्तमान स्थिति न केवल आस्था के मार्ग में बाधा बन रही है, बल्कि किसी भी समय बड़े हादसे का कारण भी बन सकती है।