चुवाडांगा : लूट और डकैती की घटनाओं में अक्सर सोना-चांदी, नकदी या कीमती आभूषण लूटे जाने की खबरें ही सुर्खियां बनती हैं, लेकिन पड़ोसी देश बांग्लादेश से एक ऐसी हैरान करने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस और आम जनता दोनों को गहरी सोच में डाल दिया है।यहां दिनदहाड़े हथियारों से लैस बदमाशों ने एक वैन को रोककर ऐसा अनोखा सामान लूटा, जिसकी किसी ने सपने में भी कल्पना नहीं की थी। बदमाशों ने करोड़ों रुपये कीमत के इंसानी बालों से भरी बोरियां लूट लीं।हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पूरा माल बरामद कर लिया है और मामले में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette
करोड़ों रुपये के इंसानी बालों पर बदमाशों का डाका
जानकारी के मुताबिक, यह अनोखी लूट बांग्लादेश के चुवाडांगा जिले के दमुरहुदा उपजिला स्थित कोशाघाटा इलाके में शनिवार दोपहर करीब पौने दो बजे हुई। हथियारों से लैस सात-आठ बदमाशों के एक गिरोह ने बीच रास्ते में एक कवर्ड वैन को जबरन रोक लिया। इसके बाद उन्होंने गाड़ी में लदी 23 बोरियां लूट लीं, जिनमें लगभग 330 किलोग्राम इंसानी बाल भरे हुए थे।व्यापारियों द्वारा लगाए गए अनुमान के अनुसार, लूटे गए इन बालों की बाजार में कीमत एक करोड़ टका (करीब 79 लाख भारतीय रुपये) से अधिक आंकी गई है।
प्रोसेसिंग के लिए फैक्ट्री ले जाया जा रहा था कंसाइनमेंट
बांग्लादेश हेयर प्रोसेसिंग स्मॉल बिजनेस कोऑपरेटिव एसोसिएशन के अध्यक्ष अतियार रहमान तगीदार ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए बताया कि इन बालों को करपासडांगा की एक फैक्ट्री से प्रोसेसिंग के लिए ले जाया जा रहा था।इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने पूरी प्लानिंग के साथ इस खेप को अपना निशाना बना लिया। उन्होंने बताया कि इस कंसाइनमेंट में 22 अलग-अलग व्यापारियों का माल 23 बोरियों में पैक था। हालांकि पुलिस ने लूटे गए बाल सुरक्षित बरामद कर लिए हैं, लेकिन दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से स्थानीय व्यापारियों में अपनी सुरक्षा को लेकर भारी खौफ का माहौल पैदा हो गया है।
पुलिस की गिरफ्त में आए फैक्ट्री मैनेजर और ड्राइवर
वारदात की सूचना मिलते ही चुवाडांगा डिस्ट्रिक्ट डिटेक्टिव ब्रांच (डीबी) और दमुरहुदा मॉडल पुलिस स्टेशन की कई टीमों ने एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।दमुरहुदा मॉडल पुलिस स्टेशन के प्रभारी (ओसी) शेख मेस्बाह उद्दीन ने बताया कि इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शक के आधार पर कवर्ड वैन के 47 वर्षीय ड्राइवर मोहम्मद शाहिदुल इस्लाम और फैक्ट्री के 39 वर्षीय मैनेजर सनवर हुसैन संटू को गिरफ्तार कर लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर पुलिस ने इन्हीं दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए बालों की सभी 23 बोरियां बरामद कर ली हैं। पुलिस अब इस पूरे आपराधिक रैकेट में शामिल अन्य फरार बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।