बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र के रामपुर तेलियानी गांव में सोमवार रात चोरों ने एक होमगार्ड के घर को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई जब परिवार के सदस्य घर और बरामदे में सो रहे थे। सुबह कमरे से बक्से गायब मिलने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी होमगार्ड वीर प्रताप सिंह के मुताबिक देर रात अज्ञात चोर घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए और कमरे में रखे दो बक्से उठा ले गए। बताया जाता है कि एक बक्से को चोरों ने छत पर ले जाकर खोल लिया, जबकि दूसरा बक्सा अपने साथ ले गए। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो कमरे का सामान अस्त-व्यस्त मिला और बक्से गायब थे। पीड़ित ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर उनकी बहन मायके आई हुई थी। घर में बहन और माता अंदर कमरे में सो रही थीं, जबकि पुरुष सदस्य बरामदे में थे। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरी गए सामान में बहन के सोने के हार, चेन, माला, झाला, छह अंगूठियां, पायजेब और पायल शामिल हैं।
read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/ वहीं माता के सोने की चेन, माला, अंगूठियां, पायजेब, पांच पायल और पांच जोड़ी बिछिया भी चोर उठा ले गए। इसके अलावा बक्से में रखे 75 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए। पीड़ित परिवार ने कुल नुकसान 20 लाख रुपये से अधिक बताया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह और सुढ़ियामऊ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। चोरों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस टीमों ने गांव के आसपास खेतों और संभावित रास्तों की भी तलाश शुरू कर दी है। वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि कहीं चोरों को घर में रखे जेवर और नकदी की पहले से जानकारी तो नहीं थी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। चोरी के खुलासे और सामान की बरामदगी के लिए कई टीमों को लगाया गया है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है।