भादर/अमेठी। जनपद अमेठी के भादर ब्लॉक अंतर्गत खुदीपुर लहना का संपर्क मार्ग पूरी तरह जर्जर होकर टूट चुका है, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। वर्षों से बदहाल पड़ी यह सड़क अब सिर्फ असुविधा नहीं, बल्कि जानलेवा खतरा बन चुकी है। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अब तक मौन हैं।स्थानीय ग्रामीणों संतोष यादव, अरुण, शिवा, उदयराम यादव, मथुरा यादव तथा भाकियू लोकशक्ति अमेठी के महासचिव अंशु उपाध्याय ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह मार्ग कई गांवों को जोड़ने वाली मुख्य कड़ी है, लेकिन वर्षों से इसकी हालत बदतर बनी हुई है। कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बावजूद सिर्फ आश्वासन ही मिले, धरातल पर कोई काम नहीं हुआ।ग्रामीणों का कहना है कि हर चुनाव में सड़क निर्माण के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव बीतते ही ये वादे भी धूल में मिल जाते हैं। नतीजा यह है कि आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं, लेकिन किसी को उनकी पीड़ा की परवाह नहीं है।वार्ड 33 से डीडीसी प्रत्याशी अमर यादव ने भी माना कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और कई बार इसे उठाया गया है, लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते अब तक समाधान नहीं हो सका। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ रही है, जो रोज इस खस्ताहाल रास्ते से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। बरसात के दिनों में यह मार्ग कीचड़ और पानी से भर जाता है, जिससे स्थिति और भी भयावह हो जाती है।ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहिए।