शादी समारोह की खुशियां उस समय दहशत में बदल गईं, जब हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली से एक युवक घायल हो गया। इस सनसनीखेज मामले में कायमगंज कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।read more:https://pahaltoday.com/the-government-is-considering-increasing-the-pension-limit-to-rs-10000-per-month/प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला के नेतृत्व में कस्बा चौकी इंचार्ज अंकुर भाटी की टीम ने टेढ़ीकोन चौराहे पर घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में पुरुषोत्तम सक्सेना उर्फ मल्लू निवासी उरई (जालौन), दीपू परिहार, प्रदीप कुमार निवासी अकोड़ी (जालौन) तथा कुलदीप गौतम निवासी अकनीवा (जालौन) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 बोर रिवॉल्वर, 59 जिंदा कारतूस, 2 खोखा, 315 बोर के 12 कारतूस तथा 12 बोर के 10 कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही चार शस्त्र लाइसेंस भी कब्जे में लेकर उनकी वैधता की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों के पास से दो लग्जरी स्कॉर्पियो गाड़ियां भी जब्त की गई हैं, जिनसे वे फरार होने की फिराक में थे। घटना 23 अप्रैल की रात पटवन गली स्थित एक धर्मशाला में आयोजित शादी समारोह की है, जहां हर्ष फायरिंग के दौरान वधु के जीजा के भाई को गोली लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम सक्सेना उर्फ मल्लू एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ उरई, जालौन और झांसी में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, लूट व आर्म्स एक्ट सहित 14 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस सभी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई कर रही है तथा शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है ।