गाजीपुर में एचपीवी टीकाकरण अभियान को गति देने के निर्देश, डीएम बोले– 14 से 15 वर्ष की सभी बालिकाओं को हर हाल में लगे वैक्सीन

गाजीपुर। जनपद की किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को तेज करने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित, वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित और प्रभावी है, जो भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में मदद करती है। उन्होंने मीडिया से इस जनहितकारी अभियान को घर-घर तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में लगभग 43 हजार पात्र बालिकाओं की पहचान की गई है, जिनका टीकाकरण किया जाना है। हालांकि अब तक केवल 3500 से 4000 बालिकाओं का ही टीकाकरण हो पाया है, जो लक्ष्य की तुलना में काफी कम है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन केवल 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को लगाई जा रही है तथा इसका कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं है।उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में शामिल है, लेकिन समय पर एचपीवी टीकाकरण से इससे प्रभावी बचाव संभव है।read more:https://worldtrustednews.in/yogi-government-working-to-make-youth-skilled-in-line-with-industry-demand/ दुनिया के लगभग 75 प्रतिशत देशों के राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में इस वैक्सीन को शामिल किया जा चुका है। प्रदेश सरकार भी इस अभियान को प्राथमिकता के साथ संचालित कर रही है।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और टीकाकरण केंद्रों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति पर ध्यान न दें और अपनी पुत्रियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं।अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (एबीएसए), एमओआईसी तथा विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर अभियान को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विकास खंडों में माइक्रो प्लान तैयार कर एक सप्ताह के भीतर टीकाकरण अभियान पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर पात्र बालिकाओं का चिन्हांकन कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।प्रेस वार्ता के अंत में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों से अपील की कि जिनकी पुत्रियों की आयु 14 से 15 वर्ष है, वे उन्हें निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि यह टीका बेटियों के स्वस्थ, सुरक्षित और कैंसर मुक्त भविष्य की मजबूत सुरक्षा है। साथ ही मीडिया से भी तथ्यपरक एवं सकारात्मक जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया, ताकि जनपद की प्रत्येक पात्र बालिका इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान का लाभ प्राप्त कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *