बाराबंकी। भीम आर्मी प्रमुख एवं नगीना से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद के बाराबंकी दौरे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक कार्यकर्ता अपनी समस्या बताने के लिए सांसद से गुहार लगाता दिखाई दे रहा है, लेकिन आरोप है कि सांसद ने उसकी बात पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और अपना संबोधन जारी रखा। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सीतापुर के रामपुर मथुरा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जाते समय सांसद चंद्रशेखर आजाद का बाराबंकी के फतेहपुर कस्बे में कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया था। इस दौरान उन्होंने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब सांसद चंद्रशेखर आजाद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे, उसी दौरान वहां मौजूद एक कार्यकर्ता अपनी समस्या बताने का प्रयास करने लगा।read more:https://pahaltoday.com/district-supply-officer-inspected-the-farmer-registry-camp/बताया जा रहा है कि कार्यकर्ता लगातार सांसद का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश कर रहा था। वायरल वीडियो में कार्यकर्ता यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि, “दूसरे से पैसे मांगकर पेट्रोल डलवाकर आया हूं, मेरी बात सुन लीजिए सर।” वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कार्यकर्ता की आवाज सुनकर सांसद चंद्रशेखर आजाद कुछ क्षण के लिए उसकी ओर देखते हैं, लेकिन इसके बाद बिना कोई जवाब दिए दोबारा अपना भाषण जारी रख देते हैं। इसके बाद कार्यकर्ता की समस्या सार्वजनिक रूप से नहीं सुनी जाती। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों की ओर से तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे कार्यक्रम की भीड़ और समय की कमी से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बात सुनने के लिए समय निकालना चाहिए। हालांकि, इस मामले को लेकर सांसद चंद्रशेखर आजाद या उनकी पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।