सोनभद्र। ओबरा थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न एवं विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा करते हुए वांछित पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।read more:https://pahaltoday.com/sukesh-chandrashekhar-granted-bail-in-rs-200-crore-money-laundering-case/पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक ओबरा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार थाना जुगैल क्षेत्र के वेलगढ़ी टोला घोड़ाघाट निवासी सम्पतिया देवी ने ओबरा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री इन्द्रावती का विवाह मार्च 2023 में पनारी टोला फफराकुंड निवासी लाल जी गोंड के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत के अनुसार 5 जून 2026 को इन्द्रावती की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना ओबरा में मुकदमा संख्या 125/2026 के तहत धारा 80(2), 85 बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर 6 जून को अरंगी तिराहे से आरोपी पति लाल जी गोंड को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की विवेचना जारी है तथा विवाहिता की मृत्यु के कारणों की भी जांच की जा रही है।