सोनभद्र। जनपद में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य का शुभारम्भ शुक्रवार को जिलाधिकारी आवास से किया गया। इस दौरान प्रगणकों ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के आवास पर पहुंचकर मकान सूचीकरण एवं गणना संबंधी कार्य संपादित किया।read more:https://pahaltoday.com/four-smugglers-arrested-with-ganja-worth-rs-3-crore-2-lakh-50-thousand/जिलाधिकारी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण अभियान के लिए जनपद में 16 चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा 3618 प्रगणक एवं 608 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि मकान सूचीकरण (एचएलओ) कार्य के लिए कुल 3655 कर्मियों को सर्वे कार्य में लगाया गया है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित प्रारूप के अनुसार 34 प्रकार के प्रश्न पूछेंगे। इन प्रश्नों में मकान का उपयोग, भवन की स्थिति, निर्माण सामग्री, कमरों की संख्या, पेयजल श्रोत, शौचालय की उपलब्धता, बिजली कनेक्शन, रसोई ईंधन, परिवार के सदस्यों की संख्या, मोबाइल एवं इंटरनेट सुविधा, वाहन, बैंकिंग सुविधा तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित जानकारियां शामिल होंगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नागरिकों को केवल निर्धारित 34 प्रश्नों का ही उत्तर देना है। इसके अतिरिक्त किसी अन्य प्रकार की व्यक्तिगत अथवा अनावश्यक जानकारी साझा करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सर्वे कार्य में सहयोग करें तथा यह सुनिश्चित करें कि सर्वे के लिए आने वाले प्रत्येक प्रगणक के पास वैध परिचय पत्र अवश्य हो। उन्होंने कहा कि यह अभियान शासन की महत्वपूर्ण जनगणना प्रक्रिया का हिस्सा है, जिससे भविष्य में जनहित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी।