वाशिंगटन के हिल्टन होटल में राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यक्रम में फायरिंग, हमलावर गिरफ्तार

वाशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी स्थित हिल्टन होटल में शनिवार रात उस समय अफरा- फरी मच गई, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक कार्यक्रम के दौरान अचानक फायरिंग हुई। यह घटना रात लगभग पौने नौ बजे की है। गोलियों की आवाज गूंजते ही राष्ट्रपति की सुरक्षा में तैनात सीक्रेट सर्विस के जवान तुरंत हरकत में आए और उन्होंने मोर्चा संभालते हुए राष्ट्रपति ट्रंप को सुरक्षित घेरे में लेकर आयोजन स्थल से बाहर निकाला। इस सनसनीखेज घटना के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने मीडिया से रूबरू होकर पूरी जानकारी साझा की। राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा किया कि हमलावर की पहचान 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया के टॉरेंस का निवासी है। पुलिस ने एलन के पास से कई खतरनाक हथियार बरामद किए हैं, जिनमें एक शॉटगन और एक हैंडगन शामिल है। ट्रंप ने सीक्रेट सर्विस की मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षाकर्मियों के कारण ही हमलावर मुख्य बॉलरूम के भीतर बड़ी तबाही मचाने में नाकाम रहा। राष्ट्रपति के अनुसार, संदिग्ध मंच से काफी दूर था, लेकिन वह बेहद तेजी से उनकी ओर बढ़ रहा था। इस घटना के बहाने ट्रंप ने सुरक्षा मानकों और नई इमारतों के निर्माण पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, हिल्टन का यह बॉलरूम कोई खास सुरक्षित बिल्डिंग नहीं है।read more:https://worldtrustednews.in/traffic-police-challaned-87-vehicles/ यही कारण है कि हम व्हाइट हाउस में जिस नई योजना पर काम कर रहे हैं, उसमें ड्रोन प्रूफ तकनीक और बुलेटप्रूफ ग्लास जैसी खूबियां शामिल हैं। गौरतलब है कि ट्रंप की इस सुरक्षा योजना पर वहां की अदालत ने पहले रोक लगा दी थी, जिसका जिक्र उन्होंने फिर से किया। एफबीआई के निदेशक काश पटेल ने इस मामले पर बयान देते हुए कहा है कि एजेंसी संदिग्ध के बारे में हर संभव सुराग जुटा रही है। प्रशासन ने मामले में पारदर्शिता बरतते हुए हमलावर की तस्वीरें और विजुअल्स भी जारी कर दिए हैं। पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप काफी आक्रामक और आत्मविश्वास से लबरेज दिखे। उन्होंने बताया कि गोलियां चलने के बाद भी वे कार्यक्रम स्थल से हटना नहीं चाहते थे, लेकिन सुरक्षा अधिकारियों ने जीवन के खतरे को देखते हुए इसे रद्द करने का फैसला किया। ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना के कारण बाधित हुए व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर को दोबारा आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *