गाजीपुर। जमानिया कोतवाली क्षेत्र के देवड़ी गांव में सोमवार सुबह करीब छह बजे गैस सिलेंडर से हुए रिसाव के बाद लगी आग ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। आग की चपेट में आने के बाद कमरे में खड़ी मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में दो स्कूली छात्रों की झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।देवड़ी गांव निवासी सुंदरम यादव (12) कक्षा छह और विशाल शर्मा (14) कक्षा आठ के छात्र थे। दोनों पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवड़ी में पढ़ते थे। सोमवार सुबह सुंदरम अपनी बहन रेखा के साथ विशाल के घर दूध लेने गया था। उस समय विशाल की मां मीना देवी रसोई में खाना बना रही थीं।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/ इसी दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा और देखते ही देखते रसोई में आग भड़क उठी।
रसोई से आग की लपटें निकलती देख मीना देवी और रेखा तत्काल घर से बाहर निकल गईं। बताया जा रहा है कि आंगन में मौजूद दोनों बच्चे घबराकर बगल के कमरे में चले गए और पटनी पर चढ़ गए। इसी बीच आग कमरे तक पहुंच गई, जहां मोटरसाइकिल खड़ी थी। आग की चपेट में आने से मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी में जोरदार धमाका हुआ। इसकी चपेट में आकर दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे की सूचना मिलते ही जमानिया कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार राम नारायण वर्मा समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों छात्रों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दो मासूम छात्रों की मौत से पूरे देवड़ी गांव में मातम पसरा हुआ है।