रायपुर मोड़ बाजार में फाइनेंसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, फंदे से लटका मिला शव

जखनियां (गाजीपुर)। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के रायपुर मोड़ बाजार में बृहस्पतिवार सुबह एक फाइनेंसर का शव दुकान के अंदर पंखे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।read more:https://pahaltoday.com/mandal-president-celebrated-the-foundation-day-of-bjp/मिली जानकारी के अनुसार, राजापुर गांव निवासी 30 वर्षीय इंद्रजीत यादव, पुत्र स्वर्गीय फौजदार यादव, रायपुर मोड़ बाजार में फाइनेंस का कार्य करते थे। उनके पिता का निधन वर्ष 2000 से पहले ही हो चुका था। परिवार में उनकी वृद्ध माता सुनरी देवी (60 वर्ष) हैं, जो अस्वस्थ होने के कारण अपने दैनिक कार्य भी ठीक से नहीं कर पाती हैं। इंद्रजीत अपनी मां के इकलौते पुत्र थे और उन्हीं के सहारे परिवार का जीवनयापन हो रहा था।बताया जाता है कि बुधवार की रात गांव में एक बारात आई थी, जिसमें शामिल होने के बाद इंद्रजीत ने भोजन किया और देर रात अपनी दुकान पर चले गए। बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे जब बाजार के लोग दुकान के आसपास पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। इंद्रजीत का शव दुकान में लगे पंखे से फंदे के सहारे लटका हुआ था। घटना की सूचना तत्काल बहरियाबाद पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं बाजार में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि मामला केवल आत्महत्या का नहीं लग रहा है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।बहरियाबाद पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *