फतेहपुर पुलिस ने किया अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़

सहारनपुर। थाना फतेहपुर पुलिस ने अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे और निशानदेही पर निर्मित व अर्धनिर्मित नौ अवैध हथियार, जिंदा कारतूस तथा हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। मामले का खुलासा सोमवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल ने किया। एसपी सिटी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में अवैध शस्त्रों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह राणा के नेतृत्व में फतेहपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पुंडीर नदी के डूब क्षेत्र में बने एक कमरे पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान रोहित उर्फ बाबा निवासी ग्राम गणेशपुर, थाना बिहारीगढ़ को गिरफ्तार किया गया। read more: https://pahaltoday.com/sukesh-chandrashekhar-granted-bail-in-rs-200-crore-money-laundering-case/तलाशी में एक 315 बोर तमंचा, दो 12 बोर पोना बंदूक, छह अर्धनिर्मित तमंचे, चार नाल, सात जिंदा कारतूस, ग्राइंडर, हथौड़ी, रेती, आरी, स्प्रिंग, गैस सिलेंडर सहित हथियार बनाने में प्रयुक्त कई उपकरण और बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ सुनसान स्थान पर अवैध हथियार तैयार कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचता था। घटना के समय उसका साथी ग्राहक की तलाश में बाहर गया हुआ था, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने कहा कि जनपद में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह राणा, उपनिरीक्षक अमित सोनी, विजयपाल सिंह तथा फतेहपुर थाने की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *