बाराबंकी। उत्तर प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य सुश्री नीरज गौतम ने सोमवार को बाराबंकी के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जनपद के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने दलित उत्पीड़न से संबंधित मामलों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कानून का उपयोग न्याय सुनिश्चित करने के लिए हो, न कि किसी को परेशान करने के लिए। पत्रकारों से बातचीत के दौरान, जब उनसे एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज होने वाले फर्जी मुकदमों के बारे में पूछा गया, तो श्रीमती गौतम ने कहा कि किसी भी निर्दाेष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों की गहराई से जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई मामला रंजिश के तहत फर्जी पाया जाता है, तो उसे तत्काल समाप्त किया जाए और गलत जानकारी देने वालों पर भी नजर रखी जाए। उनका जोर इस बात पर था कि पीड़ित को न्याय मिले, लेकिन किसी बेगुनाह को कानून के नाम पर प्रताड़ित न किया जाए। सुश्री गौतम ने महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष के रवैये की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि विपक्ष का इतिहास हमेशा से नारी शक्ति के खिलाफ रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व में विपक्ष ने ही लोकसभा के भीतर आरक्षण की प्रतियां फाड़ने का काम किया था।read more:https://pahaltoday.com/sdm-administered-oath-to-nominated-councilors-including-satish-jaiswal/#google_vignette श्रीमती गौतम ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्ष केवल अवरोध पैदा करने की राजनीति में जुटा है। बैठक के दौरान, उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। सुश्री गौतम ने कहा कि आयोग समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क है। समीक्षा बैठक के बाद सुश्री गौतम ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास (बालक) का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा, भोजन, पेयजल एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में निवास कर रहे छात्रों से संवाद कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया तथा विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी नीलम सिंह, संत मुरारी दास जी महाराज,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डी.के श्रीवास्तव, बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन पाठक, पूर्ति निरीक्षक अनुज सिंह, नायब तहसीलदार राजीव वर्मा, सहायक उपायुक्त उद्योग, उमाकांत बाजपेई सहित अन्य सम्बंधित उपस्थित रहे।