विद्युत के मुख्य अभियंता से उद्यमियों ने की मुलाकात

सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) सहारनपुर चैप्टर के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को चैप्टर सचिव अनुज कुमार जैन के नेतृत्व में पीवीवीएनएल के मुख्य अभियंता राजेश कुमार से घंटाघर स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात कर औद्योगिक क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही विद्युत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने बार-बार होने वाली ट्रिपिंग, हाई-लो वोल्टेज और तकनीकी खामियों के कारण उद्योगों को हो रहे आर्थिक नुकसान से अवगत कराते हुए शीघ्र स्थायी समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि दिल्ली रोड, पिलखनी, देहरादून रोड, नवादा रोड, जनता रोड तथा कामधेनू उद्योग नगर सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में कई दिनों से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही है। विशेष रूप से दिल्ली रोड, कैलाशपुर-गागलहेड़ी तथा देहरादून रोड स्थित 33 केवी सबस्टेशनों पर तकनीकी समस्याओं के कारण घंटों बिजली बाधित रहती है, जिससे उत्पादन कार्य प्रभावित हो रहा है। चैप्टर सचिव अनुज कुमार जैन ने पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र में हाई-लो वोल्टेज की गंभीर समस्या का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अनियमित विद्युत आपूर्ति के कारण उद्योगों की मशीनें प्रभावित होती हैं और उद्यमियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। आईआईए के पूर्व चैप्टर चेयरमैन अनूप खन्ना ने विद्युत लाइनों के आसपास नियमित रूप से पेड़ों की कटाई-छंटाई कराने की मांग करते हुए कहा कि टहनियों के तारों से टकराने के कारण भी बार-बार बिजली बाधित होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक शुक्रवार को नियमित अभियान चलाकर लाइन क्लियरेंस सुनिश्चित किया जाए, जिससे निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनी रहे। मुख्य अभियंता राजेश कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि औद्योगिक क्षेत्रों की सभी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा।read more:https://khabarentertainment.in/asp-shubham-agarwal-reviewed-the-beat-police-personnel-at-the-police-office/ उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयां विभाग के प्रमुख उपभोक्ता हैं और उन्हें गुणवत्तापूर्ण तथा निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक कर समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। बैठक के बाद औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में सुधार देखने को मिला। पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के कारण बार-बार बिजली बाधित हो रही थी, जिससे उद्योग प्रभावित थे। विद्युत व्यवस्था में सुधार होने पर उद्यमियों ने राहत व्यक्त करते हुए मुख्य अभियंता एवं विद्युत विभाग का आभार जताया। बैठक में पूर्व चैप्टर चेयरमैन संजय बजाज, विनय दहूजा, एरिया हेड शिवम गोयल, पुनीत डंग, मुकेश शर्मा, आशीष शर्मा, आदेश गर्ग, सुरेश बजाज, साजिद सहित बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *