सहारनपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय प्रवक्ता विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) अनुमा आचार्य ने सहारनपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में राम मंदिर दान मामले को लेकर केंद्र सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर सवाल उठाते हुए मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं और उनके नाम पर प्राप्त दान एवं चढ़ावे के प्रबंधन में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एसआईटी रिपोर्ट में सामने आई कथित अनियमितताओं और गिरफ्तारियों के बाद सरकार को पूरे मामले पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। कांग्रेस का आरोप है कि मामले में शीर्ष स्तर की जवाबदेही अब तक तय नहीं की गई, जबकि कार्रवाई केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित दिखाई दे रही है। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि यदि सब कुछ नियमों के अनुरूप हुआ है तो स्वतंत्र न्यायिक जांच कराने में किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। कांग्रेस ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जाए तथा चढ़ावे और दान का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कराया जाए।read more:https://khabarentertainment.in/ghosiya-nagar-panchayats-entire-system-collapsed-during-just-five-minutes-of-rain/ प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक मसूद अख्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को राजनीतिक नहीं बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और जवाबदेही से जुड़ा विषय मानती है। उन्होंने कहा कि सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी, सांसद प्रतिनिधि संदीप वर्मा, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश महासचिव अरविंद पालीवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जावेद साबरी, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी नितिन शर्मा, महानगर उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी हरिओम मिश्रा, सेवादल जिला अध्यक्ष इमरान कुरेशी, अमित शर्मा, इरशाद चैधरी, मयंक शर्मा, गुलफाम अंसारी, जिला सचिव कुणाल शांडिल्य, नसीब खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।