सहारनपुर। नगर निगम की बोर्ड बैठक में वरिष्ठ सपा नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने जनहित से जुड़े कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सफाई कर्मियों के वेतन में वृद्धि और व्यापारियों पर लगाए गए बढ़े हुए लाइसेंस शुल्क का जोरदार विरोध किया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने वाले सफाई कर्मियों को उनकी मेहनत के अनुरूप उचित वेतन मिलना चाहिए। लंबे समय से लंबित इस मांग पर बोर्ड ने वेतन वृद्धि का निर्णय लिया। पार्षद टिंकू अरोड़ा ने नगर निगम द्वारा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर प्रस्तावित अधिक लाइसेंस शुल्क का विरोध करते हुए कहा कि छोटे और मध्यम वर्गीय व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लाइसेंस शुल्क के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में उन्होंने नगर निगम के ब्लैकलिस्ट ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई न होने का मुद्दा भी उठाया।read more:https://pahaltoday.com/in-which-direction-are-raghav-chadhas-political-steps-moving-he-seems-interested-in-forming-his-own-party/ उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रतिबंधित ठेकेदार अब भी निगम के कार्यों में हस्तक्षेप कर रहे हैं और अधिकारियों की मिलीभगत से उन्हें संरक्षण मिल रहा है। इस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। टिंकू अरोड़ा ने रायवाला कपड़ा मार्केट, वुडन सिटी, लकड़ी बाजार, कम्बोह पुल और हिरण मारण मार्केट जैसे प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में बाहर से आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों की सुविधा के लिए ठंडे पानी के फ्रिज लगाने की मांग भी रखी। इसके अलावा उन्होंने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र के लिए नगर निगम के तीनों जोन में वन विंडो व्यवस्था लागू करने की मांग दोहराई, जिस पर नगर आयुक्त ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता, व्यापारियों और कर्मचारियों से जुड़े हर मुद्दे को आगे भी मजबूती से उठाया जाएगा और जनहित के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।