आजमगढ़।सेन्ट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल में मंगलवार को राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए चिकित्सकों के सम्मान में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और उनके समाज के प्रति योगदान को रेखांकित किया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक प्रशांत चन्द्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल एवं अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव, सीएओ साक्षी बिसेन, उप प्रधानाचार्य संजय कुमार पाण्डेय, विद्यालय समन्वयक धीरेन्द्र भारद्वाज, वरिष्ठ समन्वयक डॉ. रश्मि पाण्डेय तथा कनिष्ठ समन्वयक मोना सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।मुख्य अतिथि ग्लोबल हॉस्पिटल, आजमगढ़ के प्रबंध निदेशक डॉ. सुभाष सिंह को विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गीत, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से चिकित्सकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। बच्चों की प्रस्तुतियों की मुख्य अतिथि ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सेवा, संवेदनशीलता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का भाव विकसित करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।read more:https://pahaltoday.com/in-which-direction-are-raghav-chadhas-political-steps-moving-he-seems-interested-in-forming-his-own-party/प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे देश के महान चिकित्सक डॉ. विधानचन्द्र राय की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने वर्ष 1991 से राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाने की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि चिकित्सक समाज के ऐसे कर्मयोगी हैं, जो दिन रात लोगों के जीवन की रक्षा और उन्हें स्वस्थ बनाने के लिए समर्पित रहते हैं। यही कारण है कि समाज में डॉक्टरों को भगवान का दूसरा रूप माना जाता है।कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी चिकित्सकों को डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए उनकी सेवा, समर्पण और मानवता के प्रति योगदान के लिए विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्र छात्राएं एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे।