पेट्रोलियम बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर डीएम की अनूठी पहल

सोनभद्र। ऊर्जा संरक्षण, पेट्रोलियम बचत एवं पर्यावरण सुरक्षा को लेकर जनपद प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के आह्वान के क्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अधिकारियों और कर्मचारियों से ईंधन बचत के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की है।read more:https://pahaltoday.com/heavy-vehicles-taken-action-against-in-drink-and-drive-campaign-dozens-challaned/
जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर संयुक्त रूप से क्षेत्र भ्रमण, सम्पूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस, किसान दिवस तथा मासिक समीक्षा बैठकों में प्रतिभाग करें, जिससे अनावश्यक पेट्रोलियम खपत को कम किया जा सके। ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी अपने आवास से पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में किए गए छोटे-छोटे प्रयास बड़े बदलाव का आधार बनते हैं और ईंधन बचत हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सप्ताह में कम से कम दो दिन ऐसे निर्धारित करने की अपील की, जब फील्ड भ्रमण न हो और उस दिन कार्यालय आने-जाने के लिए बस, ई-रिक्शा एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का उपयोग किया जाए। साथ ही विभागीय बैठकों को अधिकाधिक ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित करने पर भी जोर दिया, ताकि समय, संसाधन और पेट्रोलियम की बचत सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि पेट्रोलियम उत्पाद सीमित प्राकृतिक संसाधन हैं, इसलिए छोटी दूरी तय करने के लिए पैदल चलने, साइकिल और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ईंधन बचत केवल आर्थिक मजबूती का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *