कमालगंज फर्रुखाबाद जिला अधिकारी अंकुर लाठर ने विकासखंड कमालगंज के प्राथमिक विद्यालय वर्ना बुजुर्ग का मंगलवार को औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान वह एक प्रशासक ही नहीं, बल्कि शिक्षक की भूमिका में भी नजर आए।
निरीक्षण के दौरान डीएम सीधे कक्षाओं में पहुंचे और विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम से जुड़े प्रश्न पूछे। बच्चों के सही उत्तरों पर उन्होंने संतोष जताते हुए विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता की सराहना की। साथ ही शिक्षकों को निर्देश दिए कि पढ़ाई को और अधिक रोचक व प्रभावी बनाया जाए।read more:https://pahaltoday.com/president-murmu-on-five-day-visit-to-himachal-security-arrangements-tightened-in-the-state/
डीएम ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और मिड डे मील की गुणवत्ता का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने रसोईघर का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि बच्चों को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बच्चों को चॉकलेट व टॉफी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रशासनिक अधिकारी को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।