गाजीपुर — जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अनुपम शुक्ला ने पालिटेक्निक कॉलेज गाजीपुर में आयोजित जनगणना 2027 के प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रगणकों की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसमें शत-प्रतिशत शुद्धता और सावधानी अनिवार्य है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण में दी जा रही सभी जानकारियों को गंभीरता से समझें और अपने कार्यक्षेत्र में उनका सही ढंग से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी गणनाकर्मियों से पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन का आह्वान किया।read more:https://khabarentertainment.in/thieves-in-asothr-are-emboldened-they-broke-the-lock-searched-the-house-but-when-they-found-nothing-they-slipped-away-raising-questions-about-police-patrolling/जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। उन्होंने उपस्थित प्रशिक्षुओं से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर मास्टर ट्रेनर से समन्वय स्थापित कर समाधान और उचित मार्गदर्शन प्राप्त करें। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रहे कार्मिकों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भोजन व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार, तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।