नानौता (सहारनपुर)। थाना नानौता पुलिस ने नकबजनी की घटना का मात्र 12 घंटे में सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात और नगदी भी बरामद की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 अप्रैल 2026 को कस्बा नानौता के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी मोहम्मद असगर पुत्र मोहम्मद अख्तर ने थाना नानौता में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर करीब 1.25 लाख रुपये के जेवरात और 73 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए हैं। इस संबंध में थाना नानौता पर मुकदमा अपराध संख्या 85/26 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।घटना का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने 19 अप्रैल को ईदगाह के पास जाफर हुसैन के आम के बाग से तीनों आरोपियों यूनुस पुत्र समीम, सलमान पुत्र सलीम और शुभम पुत्र जयपाल को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 जोड़ी पाजेब, 8 अंगूठियां, 2 छल्ले, 1 चैन (सभी सफेद धातु) और 15,600 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है। तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उनके खिलाफ पूर्व में कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सैनी, उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार तोमर, जयवीर सिंह, निपेंद्र तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।