डिजिटल शिक्षा से बढ़ा बच्चों का उत्साह, 900 परिषदीय विद्यालयों में चल रहा स्मार्ट क्लास

उत्तर प्रदेश सरकार की तकनीक आधारित शिक्षा पहल के तहत जनपद सोनभद्र के 10 विकास खंडों के 900 परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित की जा रही हैं। प्रदेश सरकार और संपर्क फाउंडेशन के सहयोग से शुरू की गई इस व्यवस्था से हजारों विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और रोचक शिक्षा मिल रही है।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि संपर्क फाउंडेशन की एसटीवी डिवाइस में एनसीईआरटी एवं एससीईआरटी से अनुमोदित शैक्षणिक सामग्री पहले से उपलब्ध रहती है। आकर्षक एनीमेशन, चित्रों, वीडियो और गतिविधियों के माध्यम से तैयार सामग्री बच्चों को कठिन विषयों को भी आसानी से समझने में मदद कर रही है। उन्होंने बताया कि इस डिवाइस के संचालन के लिए इंटरनेट की आवश्यकता नहीं होती।read more:https://khabarentertainment.in/cattle-found-below-standards-and-shortage-of-fodder-observed-during-sdms-surprise-inspection/डीएम के अनुसार स्मार्ट क्लास के माध्यम से शिक्षक ऑडियो-वीडियो सामग्री का उपयोग कर पढ़ाई को अधिक प्रभावी और रोचक बना रहे हैं। इसका सकारात्मक असर विद्यार्थियों की उपस्थिति, कक्षा में सहभागिता और सीखने की क्षमता पर भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास शुरू होने के बाद बच्चों का पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा है। एनीमेशन और दृश्य सामग्री के माध्यम से पढ़ाए जाने वाले पाठ विद्यार्थियों को लंबे समय तक याद रहते हैं। गणित, विज्ञान, हिंदी और अंग्रेजी जैसे विषय पहले की तुलना में अधिक सरल और रुचिकर बन गए हैं, जिससे बच्चे पूरे मनोयोग से अध्ययन कर रहे हैं। जिला प्रशासन के अनुसार प्रदेश सरकार और संपर्क फाउंडेशन की यह संयुक्त पहल आदिवासी बाहुल्य सोनभद्र में सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षण सामग्री के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे भविष्य में उनके शैक्षणिक स्तर में और सुधार की उम्मीद है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *