बिजनौर । कोतवाली शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान सात वर्षीय बच्ची प्रिशा की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बच्ची की मौत में चिकित्सक एवं अस्पताल स्टाफ की कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, जनपद इकाई बिजनौर ने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिजनौर को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की।ज्ञापन में बताया गया कि 5 अगस्त 2026 को हल्दौर निवासी पत्रकार एवं ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन इकाई जनपद बिजनौर के सम्मानित सदस्य संजीव मिश्रा ने अपनी सात वर्षीय पुत्री प्रिशा को बुखार आने पर बिजनौर शहर के गोपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। ज्ञापन के अनुसार रातभर बच्ची की हालत ठीक रही, लेकिन सुबह उसकी तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सक पंकज चौधरी से मिलने का प्रयास किया गया। आरोप है कि स्टाफ द्वारा चिकित्सक से मिलने से मना कर दिया गया।ज्ञापन के मुताबिक इसके बाद बच्ची के पिता संजीव मिश्रा एवं उनकी पत्नी चिकित्सक पंकज चौधरी से मिलने उनके केबिन में पहुंचे। बच्ची की हालत खराब होने के बावजूद चिकित्सक द्वारा उसे देखने में कथित तौर पर उचित तत्परता नहीं दिखाई गई। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि उपचार में कथित लापरवाही के चलते मासूम प्रिशा ने चिकित्सा अभाव में दम तोड़ दिया।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/
इन बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से चिकित्सक एवं स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही सीएमओ बिजनौर द्वारा मामले में गठित तीन सदस्यीय जांच कमेटी की रिपोर्ट से एसोसिएशन एवं पीड़ित परिवार को अवगत कराने की मांग की गई है।इसके अलावा जनपद के सभी निजी अस्पतालों में कार्य करने वाले प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित कराने, चिकित्सकों द्वारा मरीजों के उपचार के लिए लिखी जाने वाली दवाओं की सभी मेडिकल स्टोरों पर उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा चिकित्सकों का परामर्श शुल्क न्यूनतम एवं समानता के आधार पर निर्धारित कराने की मांग भी ज्ञापन में की गई है।
जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, जनपद बिजनौर के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह के हस्ताक्षर हैं। प्रतिनिधिमंडल में ज्ञापन के अनुसार मंडल अध्यक्ष डॉक्टर भानु प्रकाश वर्मा,प्रदेश प्रभारी डॉक्टर नरेश पाल सिंह, अवनीश शर्मा,नरेश विनय कौशिक,कामेंद्र सिंह,कौशल शर्मा,प्रदीप कुमार दुबे,विनय मोहन शर्मा,विनीत चौधरी,ब्रिजेश चंद्र शर्मा तथा अमर सिंह सहित पत्रकार एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी/सदस्य मौजूद रहे।प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने और जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही अथवा दोष सामने आता है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मामले की पारदर्शी जांच आवश्यक है।
ReplyForward