जमानियां। क्षेत्रीय व्यापारियों, नौकरीपेशा कर्मचारियों तथा दैनिक यात्रियों ने ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन के समय में बदलाव की मांग तेज कर दी है। बुधवार को जमानियां रेलवे स्टेशन पर स्थानीय व्यापारियों एवं यात्रियों ने स्टेशन मास्टर को पत्रक सौंपकर ट्रेन का संचालन दोपहर के बजाय सुबह 9:30 बजे कराने की मांग की।
पत्रक सौंपने पहुंचे बृजेश जायसवाल और एडवोकेट राकेश कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान में ताड़ीघाट पैसेंजर दोपहर में चलने के कारण व्यापारियों, कर्मचारियों तथा अन्य यात्रियों को इसका समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि ताड़ीघाट गंगा नदी पर रेलवे लाइन जुड़ने के बाद इस रूट की उपयोगिता और बढ़ गई है। ऐसे में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से जमानियां, दिलदारनगर होते हुए गाजीपुर सिटी तक ट्रेन का नियमित संचालन यात्रियों के लिए काफी लाभकारी साबित होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने एवं सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। उसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए ताड़ीघाट पैसेंजर का संचालन सुबह के समय किए जाने की मांग उठाई गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग निजी वाहनों के बजाय रेल यात्रा का उपयोग कर सकें। read more:https://pahaltoday.com/the-seminar-organized-on-hindi-journalism-day-emphasized-on-impartial-journalism-and-solidarity/यात्रियों ने मांग की कि ट्रेन को सुबह 9:30 बजे जमानियां-दिलदारनगर होते हुए गाजीपुर सिटी तक चलाया जाए तथा शाम 4:30 बजे गाजीपुर सिटी से वापसी सेवा शुरू की जाए। इससे छोटे-बड़े व्यापारियों, नौकरीपेशा कर्मचारियों, छात्रों तथा आम यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
इस दौरान सतीश जायसवाल, एडवोकेट राकेश कुमार सिंह, बृजेश कुमार जायसवाल समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।