जमानियां। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को एनएच-24 स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सरिता जायसवाल की अध्यक्षता में भव्य तिरंगा यात्रा रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर निकलीं शिक्षिकाओं और छात्राओं ने देशभक्ति के नारों से पूरे कस्बे को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। रैली में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों के साथ छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत एनएच-24 स्थित पांडेय मोड़ से हुई, जो कोतवाली गेट के सामने से होते हुए कस्बा बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरी। इस दौरान छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रमुखता से दिया गया।प्रधानाचार्या सरिता जायसवाल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य नागरिकों के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना है। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के बलिदान को याद करने और नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना मजबूत करने का भी अवसर है।उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/ ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से हर घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।दरखशा बानो ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों की भागीदारी राष्ट्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश पहुंच रहा है।रैली में नेहा वर्मा, अंजली झा, संगीता, अपराजिता, श्रद्धा त्रिपाठी, संजय सिंह, श्याम सुंदर, रमाशंकर, रविंद्र रावत, अतुल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी मौजूद रहे। छात्राओं के उत्साह और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नजर आया।