भदोही। भदोही स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के जिलाध्यक्ष सुनील सिंह पटेल ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भदोही केवल कालीन उद्योग की पहचान भर नहीं है, बल्कि यह अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, मेहनतकश जनता और विकास की अपार संभावनाओं के लिए पूरे देश में विशेष स्थान रखता है।read more:https://pahaltoday.com/prerna-yatra-organized-on-mangal-pandey-martyrdom-day-and-bankim-chandra-chattopadhyays-death-anniversary/
उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि जिले के विकास, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के प्रति संकल्प दोहराने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि भदोही के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, सिंचाई और किसानों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है। सुनील सिंह पटेल ने कहा कि जिले के कालीन उद्योग को नई तकनीक, बेहतर बाजार और सरकारी प्रोत्साहन की जरूरत है, जिससे बुनकरों और कारीगरों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने पर भी बल दिया। रालोद जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों, बुनकरों, व्यापारियों और आम नागरिकों के हितों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनभागीदारी और सकारात्मक सोच के साथ भदोही विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से जिले की स्वच्छता, सामाजिक सौहार्द और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि भदोही की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। अंत में उन्होंने जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भदोही के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।