तियरा स्टेडियम के कायाकल्प को मिली मंजूरी, 6.73 करोड़ से होगा जीर्णोद्धार

सोनभद्र। जिले के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। तियरा स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण के लिए प्रदेश सरकार ने 6.73 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दे दी है। शासन ने निर्माण कार्य की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण संघ लिमिटेड (यूपीआरएनएसएस) को सौंपी है। स्वीकृति मिलने के बाद अब जल्द ही स्टेडियम के कायाकल्प का कार्य शुरू होगा।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तियरा स्टेडियम के आधुनिकीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रयासों और शासन की पहल से स्टेडियम को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकेंगी। परियोजना के तहत पवेलियन भवन का जीर्णोद्धार, क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत, वॉलीबॉल कोर्ट में सिंथेटिक फ्लोरिंग, बाउंड्रीवाल पर कंटीले तारों की फेंसिंग, दर्शक दीर्घा का सुदृढ़ीकरण, छात्रावासों का रंग-रोगन, बास्केटबॉल एवं टेबल टेनिस कोर्ट का निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक फर्नीचर की व्यवस्था की जाएगी। बुधवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने तियरा स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास भवन में एक जैसी खिड़कियां लगाने, कमरों में टाइल्स लगाने, बास्केटबॉल और टेबल टेनिस कोर्ट को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करने तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्टेडियम परिसर की उच्च गुणवत्ता से पेंटिंग और सीसी सड़क निर्माण कराने को भी कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों की सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुणवत्ता से समझौता करने वाले संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) वागीश कुमार शुक्ला, जिला क्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

read more:https://pahaltoday.com/cmo-saved-the-lives-of-passengers-injured-in-a-road-accident/

13 से 15 अगस्त तक पूरे जिले में चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
तिरंगा यात्रा, बाइक रैली, मेले, सांस्कृतिक कार्यक्रम और शहीदों को श्रद्धांजलि सहित होंगे विविध आयोजन
सोनभद्र। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना है। इस दौरान सभी सरकारी व गैर-सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शहीद स्मारकों, अमृत सरोवरों और आवासीय भवनों पर तिरंगा फहराया जाएगा। प्रमुख स्थानों पर एचजीटी सेल्फी बूथ भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि लोग तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान की वेबसाइट पर अपलोड कर सकें।अभियान के तहत जिलेभर में तिरंगा यात्रा, बाइक रैली, तिरंगा मेला, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय कलाकार देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देंगे, जबकि तिरंगा मेले में राष्ट्रीय ध्वज, खादी एवं स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री भी होगी। विद्यालयों में प्रभात फेरी, तिरंगा रैली, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा खो-खो, कबड्डी और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रमों के बाद विद्यार्थियों को मिष्ठान और फल वितरित किए जाएंगे। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों, वृद्धाश्रमों, दिव्यांग एवं निराश्रित आश्रमों तथा बाल सुधार गृहों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। ग्राम पंचायत स्तर पर ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रभक्ति विषयक गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही सभी सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों, औद्योगिक संस्थानों के कर्मियों और आम नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई है। 15 अगस्त को जिला स्तरीय समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, शहीद सैनिकों के परिवारों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। शहीद स्मारकों पर विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम होंगे तथा पुलिस, पीएसी और होमगार्ड बैंड देशभक्ति धुनों की प्रस्तुति देंगे। अभियान में एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, युवक एवं महिला मंगल दल, खेल विभाग सहित विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *