खाद की कालाबाजारी का आरोप, किसानों ने कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

सोनभद्र। बभनी ब्लॉक में खाद की कथित कालाबाजारी और किसानों को निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचे जाने के विरोध में बुधवार को युवा मंगल दल ट्रस्ट के बैनर तले किसानों ने प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ट्रस्ट के जिला सह प्रभारी एवं पूर्व प्रधान संजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में किसानों ने दोषी दुकानदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की।ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कृषि विभाग के कुछ अधिकारियों और अधिकृत खाद-बीज विक्रेताओं की कथित मिलीभगत से किसानों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। किसानों का कहना है कि सरकारी मूल्य 1,350 रुपए वाली डीएपी खाद 2,100 से 2,200 रुपए में बेची जा रही है, जबकि 266 रुपए की यूरिया की बोरी के लिए 500 से 600 रुपए तक वसूले जा रहे हैं। किसानों ने बताया कि इस संबंध में ब्लॉक और जिला स्तर पर कई बार शिकायत करने के साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि जांच के नाम पर केवल औपचारिकताएं पूरी कर मामले को दबाया जा रहा है।read more:https://khabarentertainment.in/meritorious-students-honored-at-klgm-inter-college-incentive-amount-of-%e2%82%b961000-distributed/ ज्ञापन में यह भी दावा किया गया कि 9 जुलाई 2026 को आसनडीह स्थित अनामिका खाद बीज भंडार पर डीएपी की करीब 200 बोरियां मौजूद थीं, जो बाद में कथित रूप से गायब हो गईं और उनकी कालाबाजारी कर दी गई। युवा मंगल दल ट्रस्ट के जिला सह प्रभारी संजय कुमार गुप्ता ने कहा कि यदि दोषी दुकानदारों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई कर किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध नहीं कराई गई, तो किसानों के साथ मिलकर चक्का जाम और व्यापक आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में आसनडीह स्थित अनामिका खाद बीज भंडार, चैनपुर (परसाटोला) के गुप्ता खाद बीज भंडार, श्रीराम इंटरप्राइजेज सहित अन्य दुकानों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। इस मौके पर हरि, दीपक, पप्पू, लवकुश, बरम यादव, मान जी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *