सोनभद्र। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा। परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज, आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज रॉबर्ट्सगंज तथा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क स्थित परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग व्यवस्था, परीक्षा संचालन, सुरक्षा प्रबंध तथा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की गोपनीयता, विश्वसनीयता और शुचिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।read more:https://worldtrustednews.in/intensive-campaign-under-mission-shakti-phase-5-0-in-ghazipur-anti-romeo-team-activated/ अभ्यर्थियों की निर्धारित मानकों के अनुरूप सघन जांच सुनिश्चित करने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर सुव्यवस्थित प्रवेश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग एवं सुरक्षा संबंधी विशेष इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या गड़बड़ी को रोकने के लिए सतर्क निगरानी रखी गई। प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त निगरानी में जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराई गई।