बाराबंकी। आम आदमी पार्टी ने रविवार को भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। बाराबंकी के नगरकोट क्षेत्र में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के आह्वान पर जिला मुख्यालयों और प्रमुख चौराहों पर भीक्षाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कटोरे और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से 420 रूपए का चेक तैयार कर चंपत राय को भेजने की घोषणा की। जिले में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चंदा चोरों गद्दी छोड़ो, राम भक्तों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान और श्रीराम के नाम पर भ्रष्टाचार बंद करो जैसे नारे लगाए। पार्टी नेताओं ने राम मंदिर निर्माण और ट्रस्ट से जुड़े मामलों में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच की मांग की। जिलाध्यक्ष जुगराज सिंह ने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के नाम पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने इसे करोड़ों रामभक्तों की आस्था के साथ विश्वासघात बताया।read more:https://pahaltoday.com/the-ceasefire-will-have-global-implications-for-energy-the-economy-and-diplomacy-which-will-be-a-relief-for-the-general-public/उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि उन्हें धन की आवश्यकता है तो वे जनता से मांग लें, लेकिन मंदिर के धन में कथित हेराफेरी स्वीकार नहीं की जा सकती। अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल ने दावा किया कि पार्टी द्वारा पूर्व में सार्वजनिक किए गए दस्तावेजों में मंदिर ट्रस्ट से संबंधित भूमि खरीद में अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कथित तौर पर बाजार मूल्य से कहीं अधिक कीमत पर जमीन खरीदने के मामले सामने आए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पार्टी नेताओं ने मांग की कि पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में समयबद्ध जांच कराई जाए। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कार्यक्रम में रवि पांडे, अफसाना बानो, राजू शुक्ला, नन्हे राम यादव, अजय वर्मा, रामप्रताप यादव, आकाश वर्मा, बलवंत यादव, नफील खान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।