सहारनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला निर्वाचन विभाग द्वारा आयोजित बूथ समीक्षा बैठक में विधानसभा-03 (सहारनपुर नगर) की मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति के दो, तीन और पांच से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज होने का मामला प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में इस संबंध में औपचारिक आपत्ति दर्ज कराते हुए मतदाता सूची में संशोधन की मांग की गई। विधानसभा प्रभारी एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा तथा महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के समक्ष कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद भी मतदाता सूची का पूर्ण सत्यापन नहीं हो सका है। उन्होंने दस्तावेजों के साथ ऐसे मतदाताओं के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए निष्पक्ष जांच कर आवश्यक संशोधन कराने की मांग की। अपर जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जिन मतदाताओं के संबंध में आपत्तियां प्राप्त हुई हैं, उनका नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।read more:https://pahaltoday.com/star-hospital-is-proving-to-be-a-boon-for-poor-and-helpless-patients/ बैठक में विपिन जैन ने भी विधानसभा-03 की बूथवार मतदाता सूची को लेकर अपने सुझाव रखे तथा निर्वाचन अधिकारियों से सूची के सत्यापन और संशोधन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और त्रुटिरहित होना आवश्यक है तथा निर्वाचन आयोग को इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।