नितिन गुप्ता | प्रणव कुमार दिल्ली छात्र संघ चुनाव के प्रचार अभियान के बीच उम्मीदवारों ने अपनी प्राथमिकताओं को लेकर मोर्चा संभाल लिया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से उपाध्यक्ष पद की प्रत्याशी तनु त्रिवेदी (बैलेट नंबर 02) से हमारी टीम ने छात्राओं की सुरक्षा, परिसर के माहौल और उनकी चुनावी प्राथमिकताओं पर विशेष बातचीत की। प्रस्तुत हैं साक्षात्कार के प्रमुख अंश:
प्रश्न 1: तनु जी, आप उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में हैं। इस निर्णय के पीछे आपकी क्या प्रेरणा है?
तनु त्रिवेदी: मैं विद्यार्थियों की आवाज को जिम्मेदारी के साथ उठाने और महाविद्यालय में एक सुरक्षित, सकारात्मक व समावेशी वातावरण बनाने के उद्देश्य से चुनाव लड़ रही हूँ। मेरा दृढ़ विश्वास है कि जब तक विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी नहीं होगी, तब तक परिसर की व्यवस्थाओं में कोई सार्थक बदलाव नहीं आ सकता।
प्रश्न 2: एक छात्र प्रतिनिधि के रूप में आप अपनी सबसे बड़ी जिम्मेदारी किसे मानती है?
तनु त्रिवेदी: मेरी सबसे बड़ी जिम्मेदारी विद्यार्थियों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच एक मजबूत व पारदर्शी संवाद स्थापित करना होगी। छात्रों की समस्याओं को संवेदनशीलता से समझना, उन्हें सही मंच तक पहुंचाना और समाधान होने तक निरंतर प्रयास करना ही मेरी प्राथमिकता रहेगी।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/
प्रश्न 3: छात्राओं और सामान्य विद्यार्थियों से जुड़े किन प्रमुख विषयों पर आपका विशेष ध्यान रहेगा?
तनु त्रिवेदी: परिसर में सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण का निर्माण मेरी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता, मूलभूत इन्फ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य से जुड़े विषयों को प्रशासन के सामने मजबूती से उठाया जाएगा।
प्रश्न 4: शिक्षा के साथ-साथ पाठ्येतर गतिविधियों (Extra-curricular Activities) को लेकर आपकी क्या सोच है?
तनु त्रिवेदी: महाविद्यालय जीवन केवल कक्षाओं और परीक्षाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए। पढ़ाई के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियां, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं और रचनात्मक मंच विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। मेरी कोशिश रहेगी कि हर छात्र को अपनी प्रतिभा निखारने के पर्याप्त अवसर मिले।
प्रश्न 5: चुनाव जीतने के बाद आप छात्रों की नियमित भागीदारी कैसे सुनिश्चित करेंगी?
तनु त्रिवेदी: छात्र प्रतिनिधित्व केवल चुनाव तक सीमित नहीं रहना चाहिए। मैं पूरे कार्यकाल के दौरान नियमित संवाद, ओपन-हाउस चर्चाओं और सुझाव पेटियों के माध्यम से विद्यार्थियों से जुड़ी रहूँगी ताकि हर छात्र बिना किसी झिझक के अपनी बात रख सके।
प्रश्न 6: एबीवीपी के प्रत्याशी के रूप में आपकी उम्मीदवारी की क्या विशिष्टता है?
तनु त्रिवेदी: एबीवीपी निरंतर विद्यार्थियों के बीच रहकर काम करने वाला संगठन है। इस विचार-परिवार से मुझे अनुशासन, निस्वार्थ सेवा, टीम भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ काम करने की प्रेरणा मिली है। यही संस्कार मुझे जिम्मेदारी से कार्य करने की ताकत देते हैं।
प्रश्न 7: अंत में आप मतदाता विद्यार्थियों से क्या अपील करना चाहेंगी?
तनु त्रिवेदी: मैं सभी सम्मानित विद्यार्थियों से अपील करती हूँ कि वे अपने वोट के अधिकार का प्रयोग विवेकपूर्वक करें। यदि आप एक सक्रिय, जिम्मेदार और हर परिस्थिति में छात्रों के साथ खड़े रहने वाले नेतृत्व को चुनना चाहते हैं, तो बैलेट नंबर 02 पर एबीवीपी के पक्ष में अपना समर्थन देकर मुझे उपाध्यक्ष पद पर सेवा का अवसर दें।