सोनभद्र। त्रिविध पावनी बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरुवार को जनपद में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। तथागत बुद्ध पूर्णिमा आयोजन समिति के तत्वावधान में रॉबर्ट्सगंज स्थित तथागत गौतम बुद्ध विहार में उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से त्रिशरण एवं पंचशील का पाठ कर विश्व शांति की कामना की। प्रातः लगभग 10 बजे श्वेत वस्त्र धारण किए उपासक-उपासिकाओं ने हाथों में पंचशील ध्वज लेकर भव्य प्रभात फेरी निकाली। ‘बुद्धं शरणं गच्छामि’, ‘धम्मं शरणं गच्छामि’ तथा ‘सच्चे धर्म की क्या पहचान, मानव-मानव एक समान जैसे उद्घोषों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। इसके उपरांत निकाली गई शोभायात्रा में फूलों से सजी भगवान बुद्ध की प्रतिमा और बोधिवृक्ष की आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।read more:https://pahaltoday.com/cdo-reviewed-census-mnrega-housing-schemes/कार्यक्रम के समापन पर आधुनिक युग में बुद्ध के सिद्धांतों की प्रासंगिकता विषय पर धम्म गोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य वक्ता सुमंत सिंह मौर्य ने कहा कि बुद्ध केवल धर्म प्रवर्तक ही नहीं, बल्कि करुणा और मानवता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि वैर से वैर कभी शांत नहीं होता, बल्कि प्रेम और करुणा से ही शांति संभव है। विशिष्ट अतिथि वक्ताओं ने ‘अप्प दीपो भव’ का संदेश देते हुए आत्मप्रकाश और मन की शुद्धता पर बल दिया तथा पंचशील और अष्टांगिक मार्ग को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में निर्धन एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन दान किया गया। इस अवसर पर डॉ. भागीरथी मौर्य, श्याम सुंदर प्रजापति, राजकुमार सोनकर, समिति अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण पटेल, उपाध्यक्ष गोपाल निराला, सचिव उमेश कुमार मौर्य सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं भिक्षु संघ उपस्थित रहे। संचालन बृजबिहारी मौर्य तथा संयोजन सुनील कुमार मौर्य ने किया।