मुरादनगर। नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से सफाई एवं खाद्य निरीक्षक के निर्देशानुसार बुधवार को ओलंपिक चौराहा और कस्बा रोड पर प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सफाई नायक सोनपाल ने अपनी टीम के साथ किया। इस दौरान बाजार क्षेत्र में दुकानों, रेहड़ी-पटरी संचालकों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।read more:https://pahaltoday.com/prerna-yatra-organized-on-mangal-pandey-martyrdom-day-and-bankim-chandra-chattopadhyays-death-anniversary/अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों को शासन द्वारा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कपड़े, जूट और कागज से बने थैलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कई दुकानदारों को भविष्य में प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग न करने की सख्त हिदायत भी दी गई।सफाई नायक सोनपाल ने बताया कि पॉलिथीन का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। इससे नालियां और सीवर जाम हो जाते हैं, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। इसके अलावा पॉलिथीन मिट्टी की उर्वरता को भी प्रभावित करती है और पशुओं के स्वास्थ्य के लिए भी नुकसानदायक साबित होती है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जाते हैं ताकि लोगों में जागरूकता बढ़े और प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग पूरी तरह बंद हो सके।अभियान के दौरान सफाई विभाग की टीम ने दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में सहयोग करें और पर्यावरण को सुरक्षित रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। टीम ने लोगों को बताया कि सरकार द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया गया है और इसके उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।नगर पालिका की इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में हलचल रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी पॉलिथीन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में सफाई विभाग के कई कर्मचारी मौजूद रहे।